जालौन में पुलिस फोर्स ने निकाला फ्लैग मार्च, त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
जालौन। आगामी हिंदू और मुस्लिम समुदाय के त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जालौन नगर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने नगर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च कोतवाली रोड से प्रारंभ होकर पानी की टंकी, झंडा चौराहा, तकिया मस्जिद, बिजली घर चौराहा, जामा मस्जिद होते हुए देव नगर चौराहे तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल पैदल एवं वाहनों के माध्यम से नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
कोतवाल आनंद कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द्र की परंपरा को बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस कर्मियों ने बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
नगरवासियों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और भरोसा जताया कि जालौन में हमेशा की तरह इस बार भी त्योहार शांति और सौहार्द्र के साथ मनाए जाएंगे।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, न्यूज 24×7, जालौन





