काकादेव पुलिस का सराहनीय कदम: असहाय विधवा महिला को दिलाया न्याय
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी
आल इण्डिया पत्रकार एकता संघ
कानपुर। मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए काकादेव थाना पुलिस ने एक गरीब एवं असहाय विधवा महिला को न्याय दिलाकर प्रेरणादायी कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्रा 806 निवासी पूजा श्रीवास्तव ने वर्ष 2023 में अपने पति के इलाज के लिए 117/146 गीता नगर स्थित आशा ज्वैलर्स के संचालक मनीष (पुत्र वैकुंठ नाथ) के यहां अपने जेवर गिरवी रखकर धनराशि ली थी। दुर्भाग्यवश उनके पति का निधन हो गया और बाद में जब वह उधार की राशि वापस कर अपने जेवर लेने पहुंचीं, तो ज्वैलर्स ने यह कहकर गहने लौटाने से इंकार कर दिया कि समय सीमा समाप्त हो चुकी है।
पति को खो चुकी और आर्थिक रूप से कमजोर महिला ने हार न मानते हुए न्याय की गुहार लगाई और काकादेव कोतवाली पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा ने जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरन वर्मा को सौंपी।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरन वर्मा ने तत्परता और निष्पक्षता से जांच करते हुए दोनों पक्षों से वार्ता की और न्यायोचित समाधान निकाला। परिणामस्वरूप महिला को निर्धारित धनराशि अदा कर उसके जेवरात वापस दिलाए गए।
यह उल्लेखनीय है कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप न करती, तो महिला न केवल अपने पति को खो चुकी थी बल्कि अपने जीवनभर की पूंजी स्वरूप गहनों से भी हाथ धो बैठती।
काकादेव पुलिस की इस संवेदनशील पहल से यह साबित होता है कि पुलिस महकमे में आज भी ऐसे अधिकारी मौजूद हैं जिनमें मानवीय संवेदना और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता जीवित है। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया है।






