Spread the love

गौतम प्राथमिक विद्यालय में हुआ बृहद वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधे

देवरिया/भाटपार रानी। ग्राम गौतम स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में रविवार को ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुशवाहा के सौजन्य से भव्य बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, पत्रकारों तथा ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सभा कुंवर (भाटपार रानी) रहे। उनके साथ उपजिलाधिकारी दीपराज सिंह, तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी पी.एन. तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सम्स प्रवेज, सदस्य भाषा विज्ञान विशंभर पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष हृदय लाल कुशवाहा, जीई नरेगा अजय कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक सहित सभी अतिथियों ने अपने हाथों से पौधे रोपे और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में “हर घर वृक्ष, हर घर खुशहाली” का संदेश भी दिया गया।
पत्रकारों ने भी अपनी माताओं के नाम एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी उपस्थित लोगों ने वृक्षों की कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। पौधे प्राप्त कर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उन्हें लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों का उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

Share.