Spread the love

आईजीआरएस शिकायतों की हकीकत जानने गांव पहुंचे डीएम, मौके पर कराई जांच

आईजीआरएस के दो प्रकरणों व एक स्टांप मामले की स्थलीय जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

देवरिया  जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी आज तहसील सलेमपुर अंतर्गत दो आईजीआरएस प्रकरणों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की। साथ ही तहसील अंतर्गत एक स्टांप प्रकरण की भी सघन जांच कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले ग्राम धनौती में फरियादिनी कौशल्या देवी के आईजीआरएस प्रकरण की जांच करने पहुंचे।
शिकायतकर्ता ने अपने गाटा संख्या 78 में विपक्षी द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने मौके पर राजस्व टीम से जांच कराई। जांच में पाया गया कि आवेदक ने ही बगल के गाटा संख्या 79 में कुछ अतिक्रमण किया हुआ है। इस प्रकार शिकायत गलत पाई गई। साथ ही चल रही धारा-24 की कार्रवाई में आदेश पारित होने के उपरांत उसके अनुपालन के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार ग्राम सभा विराजभर में फरियादिनी ओमबाला सिंह द्वारा रास्ते की मांग की गई। जांच में पाया गया कि विपक्षी का मकान एवं बाउंड्री बनी हुई है, जिस पर धारा-122बी की कार्रवाई भी चल रही है। विपक्षी ने कहा कि पुनः नाप कराई जाए, यदि रास्ते में उसका निर्माण पाया जाता है तो वह उसे स्वयं हटा देगा।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सलाहाबाद गांव में कुंती देवी के भवन संबंधी स्टांप प्रकरण की जांच की। उन्होंने मूल्यांकन एवं मौके की स्थिति का मिलान करते हुए पुनः जांच कर उपजिलाधिकारी को आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में प्राप्त ओमबाला सिंह एवं कौशल्या देवी के दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।

Share.