गोरखपुर में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र की हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार, बेसमेंट से मिला शव
गोरखपुर। जिले के खजनी कस्बे में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र के लापता होने का मामला बेहद दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया। पहले बच्चे के अपहरण की आशंका के चलते पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर पांच टीमें गठित की थीं, लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोसी के घर के बेसमेंट से मासूम का शव बरामद कर लिया। इस मामले में पड़ोसी सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, खजनी कस्बे के सर्राफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा का 10 वर्षीय पौत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से घर लौटा था। बैग रखने और यूनिफॉर्म बदलने के बाद वह साइकिल लेकर घर से निकला। दादी ने उसे खाना खाने के लिए आवाज दी तो उसने थोड़ी देर में लौटने की बात कही, लेकिन वापस नहीं आया।
परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर उसकी साइकिल लावारिस मिली। पास के एक खाली खेत में उसकी एक चप्पल भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में वैभव दोपहर करीब 2:07 बजे एक गली की ओर जाता दिखाई दिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और पड़ोसी के घर की तलाशी ली गई। वहां के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और हत्या के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा।






