बाल दिवस पर बच्चों ने संभाली व्यापार की कमान, सेठ वीरेंद्र कुमार मित्तल पब्लिक स्कूल में सजे आकर्षक स्टॉल
जालौन। नगर के सेठ वीरेंद्र कुमार मित्तल पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग, उत्साह और रचनात्मकता से गुलजार नजर आया। बाल दिवस के खास मौके पर विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए और खुद ही उनके संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
बच्चों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से न केवल अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रदर्शन किया, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों, प्रबंधन और आपसी संवाद का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया। स्टॉलों पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक नितिन मित्तल ने बच्चों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और नई चीजें सीखने की क्षमता विकसित करते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक अनुभव बच्चों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा मित्तल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कम उम्र से ही बच्चों को स्वरोजगार, व्यापार और प्रबंधन की समझ प्रदान करते हैं। इससे उनमें आत्मनिर्भर बनने की भावना विकसित होती है और भविष्य में नए अवसरों को पहचानने की क्षमता बढ़ती है।
बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने का भी एक बेहतर माध्यम बना। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, जालौन
सौजन्य: Jan Varta Par Focus News 24×7




