वाराणसी शूटआउट केस में बड़ा फैसला: विधायक अभय सिंह और पूर्व एमएलसी विनीत सिंह समेत सभी आरोपी बरी
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित टकसाल सिनेमा के बाहर हुए चर्चित शूटआउट मामले में वाराणसी की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 15 अप्रैल को अहम फैसला सुनाते हुए विधायक अभय सिंह, पूर्व एमएलसी विनीत सिंह समेत सभी छह आरोपियों को बरी कर दिया।
यह मामला साल 2002 का है, जब पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने अपने वाहन पर हुई फायरिंग को लेकर अभय सिंह, विनीत सिंह समेत कुल सात लोगों को नामजद किया था। घटना में धनंजय सिंह के गनर और ड्राइवर को गोली लगने की बात सामने आई थी। उस समय इस हमले को धनंजय सिंह और अभय सिंह के बीच छात्र जीवन से चली आ रही रंजिश का परिणाम बताया गया था।
फैसले के बाद पूर्व एमएलसी विनीत सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह फर्जी था और उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया था। उन्होंने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि “न्याय के मंदिर में देर है, लेकिन अंधेर नहीं।”
वहीं विधायक अभय सिंह ने भी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि घटना के समय वह अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस गाड़ी पर फायरिंग की बात कही गई, उसका भी कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला। अभय सिंह ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला फर्जी दस्तावेजों और पुलिस की मिलीभगत से तैयार किया गया था।
कोर्ट के इस फैसले के बाद लंबे समय से चल रहे इस चर्चित मामले का पटाक्षेप हो गया है।





