विधानसभा सत्र के पहले दिन किसानों को लहसुन की कीमत नहीं मिल पाने का मुद्दा कांग्रेस ने जोर शोर से उठाया।

कांग्रेस नेता लहसुन की बोरियां लेकर पहुंचे और विधानसभा के गेट पर ही प्रदर्शन करने लगे।

कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी और पूर्व मंत्री सचिन यादव लहसुन की बोरियां लेकर यहां पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा के गेट पर ही लहसुन नीचे गिरा दिया।

इनकी मांग है कि किसानों को उनकी फसल के उचित दाम दिए जाएं। उन्होंने कहा कि लगातार लागत बढ़ती जा रही है। कांग्रेस विधायकों ने किसानों की आय दोगुनी करने की मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि आय दोगुनी करना तो दूर किसानों को लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।

विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि बीजेपी की सरकार किसान के पेट पर लात और छाती पर गोलियां मारना जानती है। जो लहसुन 10-15 हजार रुपए क्विंटल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जामने में बिकता था वो आज 50 पैसे प्रति किलो बिक रहा है।

उन्होंने कहा, “हमारा आज का प्रदर्शन सरकार के उस वादे को याद दिलाने के लिए है, जिसमें शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक यह वादे कर रहे हैं कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी की जाएगी। अगर वाकई इन्होंने किसानों की आय दोगुनी की और इनकी योजनाएं किसान हितैषी हैं, तो क्या कारण है कि हमारे किसान साथियों को अपनी फसलों को नदियों और नालियों में फेंकना पड़ रहा है। किसान की आय दोगुनी होना तो दूर की बात है, फसल की लागत लगातार बढ़ती जा रही है।”

Share.