डीएम को 17 बार फोन करना पड़ा भारी: युवक पहुंचा 14 दिन की जेल
संभल से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक युवक को डीएम को बार-बार फोन करना भारी पड़ गया।
मामला सरायतरीन इलाके के नवाबखेल कच्चा बाजार का है, जहां रहने वाले अराफत नाम के युवक ने 2 मई को जिला अधिकारी के सीयूजी नंबर पर करीब 17 बार कॉल कर दी।
बताया जा रहा है कि युवक हर बार अलग-अलग तरीके से बातचीत करता था—कभी हालचाल पूछता, तो कभी यह जानने की कोशिश करता कि उस पर कोई कार्रवाई तो नहीं होगी।
कई कॉल खुद डीएम ने उठाए, जबकि कुछ कॉल कंट्रोल रूम के जरिए रिसीव की गईं। लगातार कॉल से परेशान होकर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
रविवार शाम को पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और शांतिभंग की धारा में चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं युवक का कहना है कि उसने सिर्फ हालचाल पूछने के लिए फोन किया था और उसे अंदाजा नहीं था कि इसकी इतनी बड़ी सजा मिलेगी। युवक ने यह भी बताया कि उसे पहले मानसिक उपचार के लिए भेजा जा चुका है और अब दोबारा ऐसा करने की बात कही जा रही है।
इसी बीच, संबंधित डीएम का ट्रांसफर मुरादाबाद कर दिया गया है।






