अमान्यता प्राप्त इंटर संचालन पर डीएम की बड़ी कार्रवाई
■ दो विद्यालयों पर एफआईआर दर्ज, मान्यता निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू
देवरिया, 20 फरवरी। जनपद में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दो विद्यालयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अमान्यता प्राप्त तरीके से इंटरमीडिएट कक्षाओं का संचालन करने और विज्ञान वर्ग के छात्रों की परीक्षा अन्य विद्यालय से संबद्ध कराए जाने की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह पूरा प्रकरण श्री जगरनाथ राव श्री कृष्ण प्रताप राव उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं मंजूर अली इंटर कॉलेज से संबंधित है। जांच में सामने आया कि बिना वैध मान्यता इंटर की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। इतना ही नहीं, विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा दूसरे विद्यालय से संबद्ध कराकर नियमों का उल्लंघन किया गया।
छात्रा की शिकायत से खुला मामला
मामले की शुरुआत 17 फरवरी 2026 को उस समय हुई जब एक छात्रा ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। छात्रा का आरोप था कि विद्यालय द्वारा उसका विधिवत नामांकन नहीं किया गया और उसे प्रवेश पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे उसका भविष्य संकट में पड़ गया।






