देदर में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रिपोर्ट — अनुराग तिवारी, पत्रकार
चिरगांव विकासखंड के ग्राम देदर में मंगलवार को श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और दिव्य आस्था के साथ हुआ। कथा वाचक पंडित रमाकांत व्यास एवं जागेश्वर महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण और श्रीकृष्ण महिमा का वर्णन करते हुए कार्यक्रम का मंगल प्रारंभ कराया। आयोजन के यजमान के रूप में श्रीमती सरोज पत्नी श्री बृजकिशोर यादव ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही भव्य कलश यात्रा। बेतवा नदी से हजारों महिलाओं ने कलश भरकर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली। डीजे, बैंड-बाजों और मंगलगान के साथ निकली यह यात्रा गांव की गलियों से गुजरते हुए आध्यात्मिक वातावरण का सृजन करती रही। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ ने पूरे आयोजन को भव्यता प्रदान की।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी कुलदीप कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ निरंतर मौजूद रहे और पूरी यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
आयोजन में अंकुल यादव, श्रीनिवास यादव, आशीष यादव, संतोष यादव, टिंकू यादव, राहुल राजपूत, देवी सिंह कुशवाहा, अतर सिंह दांगी, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कथा के सफल, शांतिपूर्ण और मंगलमय संपन्न होने की कामना की।





