बड़ागांव ब्लॉक में एक दिवसीय उद्यमी मेले का भव्य आयोजन, महिला उद्यमियों को मिला सशक्त मंच
रिपोर्ट अनुराग तिवारी पत्रकार
बड़ागांव (झाँसी), बड़ागांव ब्लॉक कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक दिवसीय “उद्यमी मेला” का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था (ताराग्राम) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), झाँसी के संयुक्त सहयोग से सम्पन्न हुआ।
मेले का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमियों, विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का मंच प्रदान करना तथा तकनीकी आधारित उद्यमों को नई दिशा देना रहा।
मेले में 27 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के साथ-साथ तकनीकी एवं नवाचार आधारित उद्यमों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
प्रमुख प्रदर्शनों में जैविक खाद आधारित इकाई, आरओ वाटर बोतल उत्पादन, सोलर यूनिट, ‘ड्रोन दीदी’ पहल, मसाला पैकेजिंग यूनिट, ई-रिक्शा, एलईडी शॉप, कियोस्क सुविधा केंद्र, कॉस्मेटिक उत्पाद और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद (दाल, दलिया, तेल आदि) शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त गैर-परंपरागत बुंदेली कला को प्रोत्साहित करने वाली रंग कला क्रिएशन, शक्ति हस्तकला केंद्र तथा अन्य स्थानीय उद्यमों ने भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे उद्यमी मेले महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन एवं डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के संयुक्त प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। वक्ताओं ने यह भी रेखांकित किया कि किसी भी उद्यम की सफलता के लिए धैर्य, गुणवत्ता और सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है।
ग्रामीण उद्यमियों के सामने बाजार की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है, जिसे दूर करने में ऐसे मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। “उद्यम विकास ही महिला सशक्तिकरण की वास्तविक पूंजी है,” यह संदेश पूरे आयोजन में प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बृजेंद्र सिंह राजपूत (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, बड़ागांव), श्री निरंजन त्रिवेदी (खंड विकास अधिकारी, बड़ागांव), श्रीमती अर्चना सेन (सहायक विकास अधिकारी, बड़ागांव), श्रीमती राजमणि राजे एवं श्री धर्मेश मिश्रा (ब्लॉक मिशन प्रबंधक, बड़ागांव) उपस्थित रहे।
डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स (ताराग्राम) की ओर से आश्रय लामा, द्रगपाल यादव, रीना पाल, शशिकांत शर्मा, घनश्याम कुशवाहा, सुरेश अहिरवार, जयसिंह एवं प्रमोद भालेराव सहित अन्य टीम सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
यह मेला केवल उत्पाद प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय उद्यमियों को मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और भविष्य में विस्तार के अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम बना। सभी अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह पहल ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।





