Spread the love

रुद्रपुर तहसील के 05 गांवों में लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन, विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

देवरिया। न्याय चला निर्धन के द्वार अभियान के अंतर्गत रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पांच ग्रामीण इलाकों में विधिक सहायता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। आज दिनांक 15 दिसंबर 2025 को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में विधिक सहायता केंद्र (लीगल एड क्लीनिक) का उद्घाटन एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश, देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। रुद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत नकईल, एकौना, पचरूखा, सिलहटा एवं डाला में लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया श्री मनोज कुमार तिवारी द्वारा किया गया।

क्लीनिक के उद्घाटन के पश्चात आम जनमानस को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार तिवारी ने उपस्थित ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा न्याय तक सरल पहुँच के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने महिलाओं, विधवाओं, वृद्धजनों एवं बच्चों से संबंधित कानूनों, उनके अधिकारों तथा उनके प्रति होने वाले शोषण से संरक्षण के विषय में भी जागरूक किया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में तहसीलदार रुद्रपुर, पंचायत सचिव, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे न्याय को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

Share.