कांवड़ यात्रा-2026 को प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल, एसीपी उपासना पाण्डेय ने रीसाइक्लिंग अभियान में लिया हिस्सा
कोतवाली नगर। कांवड़ यात्रा-2026 को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर श्रीमती उपासना पाण्डेय ने डी.वी.एफ. शिविर पहुंचकर प्लास्टिक रीसाइक्लिंग अभियान में सहभागिता की।
इस दौरान उन्होंने शिवभक्तों एवं आमजन को प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की बोतलें एवं अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट निर्धारित प्लास्टिक रीसाइक्लिंग बिन में ही डालें।
एसीपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थान पर डालने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यात्रा मार्ग को भी स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर शिवभक्तों और आमजन से पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया गया। पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।





