नरी गांव में आकाशीय बिजली का कहर, मासूम बच्ची की मौत, दूसरी झांसी रेफर
झांसी जनपद के चिरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरी गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बकरी चराने गईं दो मासूम बच्चियां आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में 8 वर्षीय प्रीति पुत्री छोटे लाल आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय अर्चना पुत्री गेबू आदिवासी गंभीर रूप से झुलस गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों बच्चियां गांव के बाहर चरागाह की ओर गई थीं। अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों बच्चियां एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं, तभी आकाशीय बिजली गिर पड़ी और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
वहीं, मृत बच्ची प्रीति के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन बिलखते नजर आए। गांव में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से बातचीत की।
⚠️ यह हादसा एक बार फिर बताता है कि खराब मौसम और बिजली गिरने के समय सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।
—
📢 Focus News 24×7 के लिए चिरगांव से अनुराग तिवारी की रिपोर्ट।






