Spread the love

डीएम के निर्देश पर तत्काल हुई पैमाइश, कब्जा हटाकर बहाल कराया जाएगा वैकल्पिक रास्ता

देवरिया जनता दर्शन में ग्राम सिरसिया, विकास खंड रामपुर कारखाना निवासी संतोष कुमार शर्मा द्वारा अपने घर तक पहुंच मार्ग निर्माण की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसी दिन जांच एवं पैमाइश कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी/रामपुर कारखाना के प्रभारी खंड विकास अधिकारी को राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) एवं लेखपाल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता का मकान तथा संबंधित भूमि पोखरी (तालाब) की भूमि पर स्थित है। पैमाइश के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि वर्तमान स्थिति में वहां से नया रास्ता निकालने के लिए पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है।
जांच के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि पूर्व में इसी प्रकार की शिकायत पर प्रशासन द्वारा एक वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराया गया था, लेकिन बाद में समीपवर्ती व्यक्ति द्वारा उस रास्ते पर कब्जा कर उसे अवरुद्ध कर दिया गया।
राजस्व टीम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि अब पूर्व में उपलब्ध कराए गए उसी वैकल्पिक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाकर रास्ता पुनः बहाल कराया जाएगा, ताकि शिकायतकर्ता को आवागमन की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कब्जा हटाने की कार्रवाई नियमानुसार शीघ्र पूरी करते हुए शिकायतकर्ता को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा पूरी कार्रवाई पारदर्शी एवं विधिसम्मत ढंग से सुनिश्चित की जाए।

Share.