सर्वोदय विद्यालय मेहरौना में कक्षा 6 से 9 तक प्रवेश का मौका, 20 अगस्त तक आवेदन
देवरिया प्रधानाचार्य जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मेहरौना, प्रवीण चंद्र चौधरी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मेहरौना, देवरिया आवासीय विद्यालय है। विद्यालय की कुल छात्र क्षमता 490 है। शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 में रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश के लिए 15 मार्च 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 में अभी भी कुछ सीटें रिक्त हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पांच अगस्त 2026 को आयोजित बैठक में विद्यालय की निर्धारित छात्र क्षमता के अनुसार शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रिक्त सीटों को भरने के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राओं का प्रवेश सीधे साक्षात्कार/टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मेहरौना, देवरिया से प्राप्त की जा सकती है। प्रधानाचार्य ने पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।






