भीषण गर्मी से उरईवासियों को राहत: नगर पालिका की वाटर केनन पहल को जनता ने सराहा।
उरई, जालौन | जून की चिलचिलाती गर्मी और तेज धूप से जूझ रहे उरई नगरवासियों को अब कुछ राहत मिलती नजर आ रही है। नगर पालिका परिषद उरई ने आमजन को तपती दोपहरों से राहत देने के उद्देश्य से एक सराहनीय कदम उठाया है। हाल ही में नगर पालिका द्वारा खरीदी गई नई वाटर केनन मशीन से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी का छिड़काव किया गया, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई और तापमान में भी कुछ हद तक गिरावट दर्ज की गई।
इस पहल के तहत शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर घूम-घूमकर वाटर केनन से पानी का छिड़काव किया गया। छिड़काव से सड़कों पर जमी धूल तो हटी ही, साथ ही राहगीरों को भी राहत महसूस हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी स्वयं इस कार्य में उपस्थित रहे और पूरे छिड़काव अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि “तेज गर्मी के कारण आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, और आगे भी गर्मी के दौरान यह कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा।”
पालिका के कर्मचारी भी पूरी तत्परता से इस कार्य में लगे नजर आए। जल छिड़काव की यह पहल अब सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही है। कई नागरिकों ने वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए नगर पालिका की प्रशंसा की है।
स्थानीय नागरिकों ने भी पहल का स्वागत करते हुए कहा, “ऐसी ही जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की जरूरत है। कुछ राहत जरूर मिली है।”
नगर पालिका की इस पहल से न केवल लोगों को तात्कालिक राहत मिली, बल्कि प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। यह उदाहरण साबित करता है कि थोड़ी सी सक्रियता और संवेदनशीलता से आमजन को बड़ी राहत दी जा सकती है।





