झांसी में 16 दिसंबर को पिंक जॉब फेयर का आयोजन, इंटरव्यू के बाद मिलेगा रोजगार का अवसर
झांसी। महिला अभ्यर्थियों और छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा झांसी में पिंक जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 16 दिसंबर को राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झांसी के परिसर में आयोजित होगा। इस पिंक जॉब फेयर में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और साक्षात्कार के बाद योग्य अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर दिए जाएंगे।
यह पिंक जॉब फेयर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय झांसी एवं राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झांसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि झांसी में पिछले वर्ष भी पिंक जॉब फेयर का सफल आयोजन हुआ था, जबकि इस वर्ष यह दूसरा आयोजन है।
रोजगार मेले में अमास स्किल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, टीम प्लस एचआर सर्विस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) झांसी सहित कई अन्य कंपनियां भाग लेंगी और छात्राओं का साक्षात्कार कर चयन करेंगी।
झांसी के सहायक सेवायोजन अधिकारी वसीम मोहम्मद ने बताया कि पिंक जॉब फेयर में शामिल होने वाली छात्राओं को कैरियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय ले सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी अभ्यर्थी से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए छात्राओं को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थी अपने बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि को राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झांसी पहुंचकर पिंक जॉब फेयर में प्रतिभाग कर सकती हैं।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।



