थाना बबीना पुलिस ने रास्ता भटकी वृद्धा को सुरक्षित पहुँचाया मिशन शक्ति केंद्र

बबीना  झाँसीआज करीब 1 बजे थाना बबीना क्षेत्र के पीएनबी तिराहे के पास एक 90 वर्षीय वृद्धा श्रीमती ज्ञान देवी पत्नी स्व. श्री कोमल यादव, निवासी ग्राम हिंगौरा, थाना तालबेहट, जनपद ललितपुर, अपने बेटे-बहू से नाराज होकर घर से निकल पड़ीं। रास्ता भटकने के कारण वे बबीना कस्बे में पीएनबी तिराहे पर अकेली बैठी मिलीं।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीरामपांडे मय महिला कांस्टेबल अंजली के साथ मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए उक्त वृद्धा को ससम्मान थाने लाया गया। थाने पर उन्हें भोजन कराया गया तथा फिर मिशन शक्ति केंद्र पर सुरक्षित बैठाया गया, जहाँ उन्हें आराम की व्यवस्था भी कराई गई है।

पूछताछ के दौरान वृद्धा ने अपना नाम-पता बताया, जिसके आधार पर पुलिस द्वारा उनके परिजनों की तलाश की जा रही है। थाना बबीना पुलिस की यह सराहनीय पहल न केवल मानवता की मिसाल है, बल्कि मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं और वृद्धजनों की सुरक्षा व सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक कदम भी है।

थाना बबीना पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई भी उक्त महिला के परिजनों के बारे में जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना बबीना से संपर्क करें, जिससे उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुँचाया जा सके।

Share.