प्रेम नगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया
झांसी। प्रेम नगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का जन्मदिन सोमवार को अत्यंत सादगी और आत्मीय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर झांसी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकार, व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे।
तुलसीराम पांडेय अपनी ईमानदार कार्यशैली, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसहयोग के लिए झांसी जिले में एक अलग पहचान रखते हैं। उनकी तैनाती मोठ कोतवाली, गुरसराय, कोतवाली झांसी, बबीना, चिरगांव सहित कई थानों में रही है, जहां उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ-साथ थानों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने आम जनता की सुविधा के लिए थानों में बैठने की व्यवस्था, ठंडे पेयजल की उपलब्धता, पार्कों का निर्माण और पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। मंदिरों के बेहतर संचालन के लिए स्थानीय गणमान्य नागरिकों की समिति भी गठित की गई।
थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने हमेशा फरियादियों की समस्याओं को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ सुना और उनका समाधान कराने का प्रयास किया। यही कारण है कि वे आमजन के बीच लोकप्रिय हैं और लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं।
जन्मदिन के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।





