यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: रघुवीर लाल बने कानपुर के नए पुलिस आयुक्त, चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के जिम्मे बदले गए अहम पद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में परिवर्तन करते हुए नए दायित्व सौंपे गए हैं।
नई तैनाती के अनुसार, रघुवीर लाल (IPS 1997 बैच) को लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा के पद से हटाकर कानपुर नगर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, दिवेश जुनेजा (IPS 1992 बैच) को पुलिस महानिदेशक अभियोजन के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक सीओआईडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा, विनोद कुमार सिंह (IPS) को डीजी साइबर क्राइम के दायित्व के साथ सीआईडी के डीजी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, तरुण गाबा अब आईजी रेंज लखनऊ के साथ-साथ आईजी सुरक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
सरकार का यह निर्णय कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा प्रमुख विभागों में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया माना जा रहा है।






