देवरिया से सनसनीखेज खबर लार थाना क्षेत्र के नेमा गांव में मां और बेटे की रहस्यमय मौत
लार थाना क्षेत्र के नेमा गांव में मां और बेटे की रहस्यमय मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। यह मामला अब दहेज हत्या में तब्दील हो गया है।
मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन और भांजे की हत्या कर दी गई।
खामपार थाना क्षेत्र के केहूनिया गांव निवासी राजन, पुत्र स्वर्गीय मुन्नीलाल ने लार थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन चंद्रकला की शादी वर्ष 2022 में नेमा निवासी मुन्ना पुत्र गुलाब से हुई थी।
राजन के अनुसार, 21 अक्टूबर की शाम उन्हें सूचना मिली कि बहन और भांजे की मौत हो गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो दोनों के शव साड़ी के फंदे से लटके हुए मिले। उन्हें शक है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।
सूचना मिलते ही लार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने मृतका के पति मुन्ना पुत्र गुलाब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लार थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि
मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत आत्महत्या है या हत्या के बाद फांसी का रूप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।





