प्रशासन ने उतरवाए होर्डिंग्स और बैनर:4 मई को 4 नगर पालिका और 7 नगर पंचायत सीट पर डाले जाएंगे वोट

 

उरई । उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के घोषणा के बाद जालौन जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन ने नगर पालिका के सहयोग से शहर में लगे होर्डिंग्स और बैनर को उतरवाना शुरू कर दिया। नगर पालिका प्रशासन जेसीबी की मदद से होर्डिंग्स और बैनर को उतरवा रहा है।

 

यूपी में दो चरणों में निकाय चुनाव कराये जाएंगे। जालौन की 4 नगर पालिका और 7 नगर पंचायत की सीटों पर पहले चरण में मतदान होगा। यह मतदान 4 मई को होना है और 13 मई इसके परिणाम आने हैं। पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए 11 से 17 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। 20 अप्रैल तक प्रत्याशी नाम वापसी कर सकते है।

इसकी घोषणा होते ही जिला प्रशासन ने सातों नगर पंचायत और चार नगर पालिका में होर्डिंग बैनर उतरवाना शुरू कर दिया। नगर पालिका और नगर पंचायत के सहयोग से जेसीबी मशीन द्वारा कर्मचारी रात में होर्डिंग बैनर उतारने में लगे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी रात में ही इस काम को पूरा करने में जुटे हुए हैं।

Share.