उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने जनपद में उर्वरकों की समुचित उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बैठक की। बैठक में जनपद के उर्वरक विक्रेताओं (डीलर्स), सहकारी समितियों के सचिवों, कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्थिति में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक न बेचा जाए। उर्वरकों की बिक्री पीओएस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण के साथ ही की जाए, जिससे वितरण की निगरानी ऑनलाइन संभव हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ओवररेटिंग (निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूली) की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता या संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने किसानों को समय से खाद की आपूर्ति सुनिश्चित कराने, स्टॉक रजिस्टर को अद्यतन रखने, तथा खाद्य भंडारण एवं वितरण की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि खाद वितरण से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेकर उसका निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए, ताकि किसान बिना किसी असुविधा के कृषि कार्यों को समय पर संपन्न कर सकें।

Share.