आल इंडिया पत्रकार एकता संघ की टीम ने कोच सर्किल के पुलिस अधिकारियों से भेंट कर किया सम्मानित
रिपोर्ट ओमप्रकाश उदैनियां
उरई, जालौन। आल इंडिया पत्रकार एकता संघ जनपद जालौन की टीम द्वारा कोच सर्किल क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों से अनौपचारिक भेंट कर संगठनात्मक संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से पत्रकारिता, पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की।
भेंट के दौरान आल इंडिया पत्रकार एकता संघ के पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा, उद्देश्य एवं सामाजिक दायित्वों की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। साथ ही पत्रकारों की भूमिका, निष्पक्ष पत्रकारिता और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-पब्लिक-जर्नलिस्ट के आपसी सामंजस्य को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर संघ की ओर से कोच सर्किल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सम्मान पत्र एवं संगठन द्वारा प्रकाशित वर्ष 2026 का कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए पुलिस अधिकारियों में कोच सर्किल क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद, कोच कोतवाल अजीत सिंह, सुरही चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडेय, एट कोतवाल पंकज पांडेय, एसएसआई एट मोहित यादव, नदीगांव कोतवाल शशिकांत चौहान, सीनियर सब इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह, थाना अध्यक्ष कैलिया अवनीश कुमार पटेल, सीनियर सब इंस्पेक्टर जगमोहन सिंह तथा जगनपुरा चौकी प्रभारी विवेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
संघ की टीम ने सभी अधिकारियों से अलग-अलग समय पर भेंट कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, पत्रकारों की सुरक्षा तथा सकारात्मक खबरों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा की।
पुलिस अधिकारियों ने भी पत्रकार एकता संघ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस और पत्रकार मिलकर यदि ईमानदारी से कार्य करें तो आम जनता को न्याय और सही जानकारी समय पर मिल सकती है।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और भविष्य में भी इसी प्रकार के संवाद और सहयोग को निरंतर बनाए रखने पर सहमति बनी।




