Spread the love

समथर-पीपरी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सड़क के गड्ढे बने मौत की वजह, 20 वर्षीय युवक की मौत

झांसी जनपद के समथर थाना क्षेत्र में सड़क के गड्ढों ने एक और युवक की जान ले ली। समथर-पीपरी मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और सड़क की मरम्मत की मांग तेज हो गई है।

समथर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहागढ़ में मोहर्रम के अवसर पर आयोजित जलसे में शामिल होकर साकिन गांव के छह लोग देर रात ईको कार से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 3 से 4 बजे के बीच समथर-पीपरी मार्ग पर सड़क के गहरे गड्ढों में कार का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित कार कई बार पलटती हुई सड़क पर जा गिरी।
हादसे के समय सड़क सुनसान थी। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घायलों से जानकारी लेकर साकिन गांव में सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल मोठ ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद राशिद खान (20 वर्ष), पुत्र अख्तियार खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिलशाद खान को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर गहरे गड्ढे न होते तो यह हादसा टल सकता था। लोगों ने प्रशासन से समथर-पीपरी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share.