उत्तर प्रदेश बनेगा देश का नया टेक्सटाइल हब, लखनऊ-हरदोई में खुलेगी नई औद्योगिक राह, मिलेगा एक लाख रोजगार का मौका
उत्तर प्रदेश अब टेक्सटाइल उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर बढ़ चला है। योगी सरकार लखनऊ और हरदोई जिलों में लगभग 1000 एकड़ भूमि पर पीएम मित्र पार्क (PM MITRA Park) विकसित कर रही है, जिससे प्रदेश को एक बड़ा औद्योगिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लखनऊ के लिए 730 एकड़ और हरदोई के लिए 270 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। सरकार का अनुमान है कि पार्क के निर्माण से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित होगा और एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
सरकार के हैंडलूम एवं टेक्सटाइल विभाग ने अब तक 95 औद्योगिक इकाइयों के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर कर लिए हैं। इन इकाइयों में देश और विदेश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हैं जो उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में निवेश कर रही हैं।
पार्क के संचालन एवं प्रबंधन के लिए सरकार ने ‘पीएम मित्र पार्क उत्तर प्रदेश लिमिटेड’ नामक एसपीवी (Special Purpose Vehicle) का गठन किया है, जिसमें 51% हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की और 49% हिस्सेदारी भारत सरकार की होगी।
परियोजना में कई बड़ी कंपनियों ने रुचि दिखाई है —
■ आदित्य बिरला ग्रुप 30 एकड़ भूमि पर स्पिनिंग और वीविंग यूनिट स्थापित करेगा।
■ जीईएसएल स्पिनर्स 20 एकड़ क्षेत्र में टेक्निकल टेक्सटाइल यार्न यूनिट लगाने जा रही है।
■ अजूल डेनिमकार्ट 15 एकड़ में डेनिम फैब्रिक यूनिट स्थापित करेगा।
■ एसएवीएम इंक डी 25 एकड़ में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगा।
■ जियोसिस इंडिया 25 एकड़ में जियोग्रिड टेक्निकल टेक्सटाइल यूनिट शुरू करेगा।
■ टीटी लिमिटेड 5 एकड़ में गारमेंट यूनिट बनाएगा।
■ आरजीआई मेडिटेक 2.5 एकड़ भूमि में सैनिटरी नैपकिन और डायपर निर्माण इकाई खोलेगा।
■ वीडी ग्रुप 10 एकड़ में पॉलीप्रोपिलीन फैब्रिक यूनिट लगाएगा।
■ माराल ओवरसीज 5 एकड़ में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगा।
वहीं, ओखला गारमेंट एंड टेक्सटाइल क्लस्टर 125 एकड़ में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि यह परियोजना “मेक इन इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। इसके साथ ही स्थानीय कारीगरों, युवाओं और उद्यमियों को रोज़गार और व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।
फोकस न्यूज़ 24×7 के लिए खास रिपोर्ट विनय कुमार पचौरी






