बीमारियों से बचाने के लिए सड़क पर टीका मित्र वाहन
■ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सीएमओ कार्यालय से झंडी दिखाकर किया रवाना
■ जिले के सभी ब्लॉकों में भ्रमण कर टीकाकरण के प्रति करेगा जागरूक, एक भी बच्चा टीके से न छूटे का दिया जाएगा संदेश
*देवरिया, 28 नवंबर 2026।* जिले में बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान शुरू किया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विपिन रंजन ने शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से सहयोगी संस्था पीसीआई के सहयोग से टीकाकरण जागरूकता टीका मित्र प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अब जिले के सभी ब्लॉकों में भ्रमण कर लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करेगा। वाहन पर ईलीडी स्क्रीन पर टीकाकरण से जुड़े नारे, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, वीडियो के माध्यम बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण की जानकारी दी जाएगी। वाहन में लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लोगों को संदेश दिया जाएगा।
डॉ. विपिन रंजन ने वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि टीकाकरण ही बच्चों को कई खतरनाक बीमारियों से बचाने का सबसे सस्ता और सबसे सुरक्षित तरीका है। उन्होंने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है कि जिले में एक भी बच्चा टीके से वंचित न रहे। आज भी कई परिवारों में भ्रम है कि टीका लगाने से बच्चे को बुखार आ जाएगा, बच्चा रोएगा। हम इस प्रचार वाहन के माध्यम से यही भ्रम तोड़ना चाहते हैं। हल्का बुखार आना सामान्य है, यह इस बात का संकेत है कि टीका काम कर रहा है। यह वाहन जिले के सभी ब्लॉकों, गांवों, कस्बों और दूर-दराज के इलाकों में जाएगा। यह माताओं को बताएगा कि बच्चे को कौन सा टीका, कब और कहां लगवाना है। उन्होंने बताया कि भाटपार रानी, सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर, पथरदेवा, बैतालपुर, बनकटा, भलुअनी, भटनी, देसही देवरिया, गौरीबाजार, तरकुलवा, लार, रामपुर कारखाना आदि में जाएगा।
इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी पाण्डेय , सहयोगी संस्था पीसीआई, सीफार, जेएसआई के जिला प्रतिनिधि सहित पाण्डेय, मुकेश, मनीष मिश्रा, रविजीत बहादुर सिंह अन्य कर्मचारी मौजूद रहे ।
*इन बीमारियों से बचाता है टीका*
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ विपिन रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नियमित टीकाकरण से बच्चे इन खतरनाक बीमारियों से बचते हैं। टीबी, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, हिब, निमोनिया, रोटा वायरस से होने वाला दस्त, खसरा, रूबेला और जापानी बुखार से बचाती हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई बीमारियां ऐसी हैं जो एक बार हो जाने पर बच्चे को जीवन भर के लिए अपंग बना सकती हैं या जान भी ले सकती हैं।






