विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जमीनी हकीकत परखने बूथों पर पहुंचे डीएम, बीएलओ से ली कार्यों की जानकारी
देवरिया विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, देवरिया स्थित मतदेय स्थल संख्या 246 से 252 तथा प्राथमिक विद्यालय सोनूघाट स्थित मतदेय स्थल संख्या 37 एवं 38 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में संशोधन संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप प्राप्त सभी प्रपत्रों का परीक्षण एवं निस्तारण समयबद्ध ढंग से किया जाए। विशेष रूप से अर्हता प्राप्त कर चुके युवाओं एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं समावेशिता निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान का संचालन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।




