मिठाइयों और दूध उत्पादों की जांच हेतु खाद्य विभाग का विशेष अभियान
देवरिया आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय, जनपद देवरिया द्वारा राजीव मिश्र, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, देवरिया के नेतृत्व में गठित विशेष सचल दल द्वारा रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की रोकथाम हेतु प्रवर्तन कार्यवाही की गई। इस विशेष अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से बूंदी के लड्डू, खोया, दूध, दुग्ध उत्पादों से बनी मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं मिलावट पर नियंत्रण सुनिश्चित करना है। प्राप्त अभिसूचना के आधार पर, सलेमपुर स्थित एक मिष्ठान विनिर्माण इकाई से विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के 07 नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही लगभग 40 किलोग्राम छेना मिठाई एवं गुलाब जामुन (अनुमानित मूल्य ₹8,800.00) को गुणवत्ता संदिग्ध होने के कारण नष्ट किया गया। छह मुखी चौराहा, देवरिया स्थित पनीर निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों से पनीर के 03 नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संग्रहित किए गए। अमर ज्योति चौराहा स्थित एक मिष्ठान विक्रय प्रतिष्ठान से पेड़ा का 01 नमूना राजू पाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संग्रहित किया गया। आज जनपद देवरिया के 05 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को विश्लेषण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। आज की कार्यवाही में प्रेमचंद्र, घनश्याम वर्मा, राम यादव एवं राजू पाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण सम्मिलित रहे। रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद देवरिया में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 43 खाद्य नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं।