बहोरवां में हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया जश्ने ईद मिलादुन्नबी
बहोरवां। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस्लामिक कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12 तारीख को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर मुस्लिम समुदाय द्वारा जश्ने ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिदों और घरों में मिलाद का आयोजन कर पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत के संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया।
ग्राम सभा बहोरवां में भी इस अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में हाजी निजामुद्दीन, सगीर अंसारी, असगर अली, अकरम अली, अख्तर अली, नासिर अंसारी, मैनुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस विभिन्न मार्गों से शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया।
इस दौरान लोगों द्वारा एक-दूसरे को मिठाइयां वितरित की गईं तथा जरूरतमंद और गरीब लोगों को भी मिठाई व अन्य सामग्री बांटी गई। जुलूस के दौरान धार्मिक नारों के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया।
कई गांवों के जुलूस एकत्र होकर वीर चौराहा पहुंचे, जहां से सभी लोग अपने-अपने जुलूस के साथ बखरी बाजार की ओर गए। जुलूस भ्रमण के बाद सभी अपने निर्धारित मार्ग से वापस गांव पहुंचे और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम का समापन किया।
आयोजन के दौरान पुलिस-प्रशासन का भी सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाते हुए मोहब्बत और इंसानियत का संदेश दिया।






