चिरगांव के आज़ाद कुमार को मिला “मिलियनेयर फ़ार्मर ऑफ़ इंडिया” सम्मान
रिपोर्ट — अनुराग तिवारी, पत्रकार
झाँसी। चिरगांव विकासखंड में कार्यरत मिशन शक्ति के ब्लॉक मैनेजर आज़ाद कुमार को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए “मिलियनेयर फ़ार्मर ऑफ़ इंडिया अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए उनके उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर प्रदान किया गया है।
आज़ाद कुमार ने चिरगांव क्षेत्र में कई स्व-सहायता समूहों की दीदियों को रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। उनके सहयोग से कई समूह आर्थिक रूप से मज़बूत हुए और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा मंच मिला। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को नवीन कृषि पद्धतियों, बाजार से सीधा जुड़ाव और आधुनिक उपकरणों के उपयोग के प्रति लगातार प्रेरित किया।
उनकी उपलब्धि से न केवल चिरगांव बल्कि पूरे झाँसी जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय किसानों, महिलाओं के समूहों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी है।






