जालौन नगर से करीब 100 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर दी भावभीनी विदाई
जालौन। आस्था और श्रद्धा के पावन पर्व के बीच जालौन नगर से लगभग 100 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के पवित्र धाम अमरनाथ यात्रा के लिए उत्साहपूर्वक रवाना हुआ। यात्रा का शुभारंभ नगर के द्वारकाधीश मैदान से हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, उनके परिजन एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
यात्रियों का जत्था ढोल-नगाड़ों, जयकारों और “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के उद्घोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर देवनगर चौराहे पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया तथा सफल और सुरक्षित यात्रा की कामना की गई।
देवनगर चौराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में ब्लॉक प्रमुख रामराजन निरंजन, मधु सिंगल, पुनीत मित्तल, दीपक मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया। सभी ने बाबा अमरनाथ से नगर एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना करने का आग्रह किया।
श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलना उनके जीवन का सौभाग्य है और वे सभी की मंगलकामना लेकर पवित्र यात्रा पर निकले हैं।
श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, फोकस न्यूज़ 24×7, जालौन।





