जालौन में एसडीएम पर थप्पड़ मारने और मोबाइल छीनने के आरोप, वीडियो आने के बाद बढ़ा विवाद
जालौन। जालौन नगर में 23 जून को बेतवा कोल्ड स्टोर पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के बाद एसडीएम रिंकू सिंह राही पर ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन को थप्पड़ मारने, मोबाइल छीनने और धक्का देने के आरोप एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 23 जून को एसडीएम रिंकू सिंह राही राजस्व एवं अन्य विभागों की टीम के साथ बेतवा कोल्ड स्टोर में जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान दस्तावेज प्रस्तुत करने को लेकर कथित रूप से कहासुनी हुई। आरोप है कि एसडीएम ने दस्तावेज लाने के लिए सीमित समय दिया और समय पूरा होने के बाद ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए थप्पड़ मार दिया।
यह भी आरोप लगाया गया है कि जब रामराजा निरंजन ने घटना का वीडियो बनाने के लिए मोबाइल निकाला, तो उनका मोबाइल छीन लिया गया और उन्हें धक्का भी दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
घटना के बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा, जिस पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए समिति गठित कर दी। दूसरी ओर, एसडीएम रिंकू सिंह राही ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्होंने किसी के साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया।
इस पूरे मामले को लेकर आम जनता और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और आरोपों में कितनी सच्चाई है।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, फोकस न्यूज़ 24×7, जालौन




