देवरिया उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर शाम जिले के पुलिस कप्तानों और CO से वीडियो कॉफ्रेंसिंग से संवाद किया। इस दौरान खराब कानून व्यवस्था को लेकर कप्तानों को कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान पूरे प्रदेश के थानों और सर्किल ऑफिसर को कार्यशैली की रेटिंग के हिसाब से चेतावनी भी दी।
उन्होंने कॉफ्रेंसिंग में कहा कि बर्खास्त करने के लिए मजबूर न किया जाए। वीडियो कॉफ्रेंसिंग के बाद ही एसपी संकल्प शर्मा ने बिहार बार्डर से लगे थाना बनकटा के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश मिश्र और भलुअनी के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा को सस्पेंड कर दिया। एक तरफ जहां बनकटा थानाध्यक्ष मुकेश मिश्र पर शराब तस्करों के इशारे पर थाना चलाने का आरोप था। वहीं थानाध्यक्ष भलुअनी पर भी भाजपा कार्यकर्ता से बदसलूकी का आरोप था।
बनकटा थाना क्षेत्र निवासी भाजपा नेता प्रमोद सिंह की बिहार पुलिस द्वारा सुनियोजित गिरफ्तारी कराने में थानाध्यक्ष मुकेश मिश्र पर उंगली उठ रही थी।
इस मामले को संज्ञान लेकर नाराज एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया।
भलुअनी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मिश्र ने पैरवी करने गए एक भाजपा कार्यकर्ता से बदसलूकी की। इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों ने कप्तान से की थी। कप्तान ने इसे गंभीरता से लिया और इनको सस्पेंड कर दिया। बता दें, मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में सलेमपुर, बरहज तथा भाटपार रानी की रेटिंग खराब मिली। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि व्यवस्था नहीं सुधरी तो बर्खास्तगी के लिए तैयार रहें।

Share.