झांसी से वाराणसी के लिए नई एसी बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
झांसी। झांसी से वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सड़क परिवहन निगम ने बृहस्पतिवार से झांसी–वाराणसी रूट पर नई एसी बस सेवा शुरू कर दी है। शासन से दो नई एसी बसें मिलने के बाद इन्हें झांसी डिपो से संचालित किया गया है।
यह एसी बस झांसी से शाम 5 बजे रवाना होकर उरई, कानपुर और प्रयागराज होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में वाराणसी से झांसी के लिए बस दोपहर 1:30 बजे चलेगी, जो प्रयागराज के सिविल लाइन बस स्टैंड से शाम 5 बजे रवाना होगी।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि नई एसी बस सेवा शुरू होने से अब झांसी से वाराणसी तक यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। एक बस झांसी से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से झांसी के लिए नियमित रूप से चलाई जाएगी।
किराया विवरण इस प्रकार है—
झांसी से उरई: ₹281
झांसी से कानपुर: ₹559
झांसी से प्रयागराज: ₹1009
झांसी से वाराणसी: ₹1289
आरएम संतोष कुमार ने बताया कि पहले इसी समय पर जनरथ बस (2×3) का संचालन किया जाता था, लेकिन बस पुरानी हो जाने के कारण पिछले छह महीनों से सेवा बंद थी। अब नई एसी बसों के संचालन से यात्रियों को सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
नई बस सेवा के शुरू होने से झांसी, उरई, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




