मोठ में शादी से चार दिन पहले युवक की संदिग्ध मौत, घर में पसरा मातम
मोठ (झांसी)। मोठ के समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत साकिन में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साकिन निवासी पंकज कुमार कुशवाहा (उम्र 22 वर्ष) पुत्र किशोर कुमार ने अंजली माता मंदिर के पास पीपल के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि 16 फरवरी 2026 की रात करीब 3 बजे वह घर से उठकर कहीं चला गया था। सुबह लगभग 6 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि अंजली माता मंदिर के पास पीपल के पेड़ से उसका शव फंदे से लटक रहा है।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी 2026 को पंकज कुमार की बारात मध्य प्रदेश के कस्बा भांडेर जानी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अचानक आई इस दुखद खबर से खुशियां मातम में बदल गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस को डायल 112 पर जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या कुछ और। परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट






