
प्रतापपुर देवरिया श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौली में 11 फरवरी 2026 को एक 43 वर्षीय महिला की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका की पहचान ग्राम पंचायत मिश्रौली निवासी सुशीला देवी उर्फ रीता (43) पत्नी अवधेश शर्मा के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट अध्यापिका थीं। 11 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले गए। डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हेमरेज बताया।
इलाज के बाद घर लौटते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव घर लाने के बाद पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। श्रीरामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की ब्रेन हेमरेज से मौत हुई है और परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय लोगों में दबी जुबान यह चर्चा है कि तबीयत खराब होने के दिन महिला की पड़ोसियों से झड़प हुई थी, जिसके लगभग एक घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। महिला पहले से ही ब्लड प्रेशर की मरीज थीं।





