जालौन में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी
उरई/जालौन। जनपद जालौन के कोच और माधौगढ़ क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। एक घटना में व्यक्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरी घटना में युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोच थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में पड़ोसी से हुए विवाद के बाद से मृतक मानसिक तनाव में रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं माधौगढ़ क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
दोनों मामलों में पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कोच परमेश्वर प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अम्बुज यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


