जालौन में नाला निर्माण को लेकर बवाल, महिला ने कोटेदार समेत कई पर लगाए गंभीर आरोप
जालौन। जनपद के ग्राम लौना में नाला निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय तूल पकड़ गया, जब एक महिला ने गांव के कोटेदार सहित कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और महिलाओं के साथ अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगाए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लौना निवासी श्रीमती अन्नपूर्णा देवी पत्नी मुहर सिंह ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके घर के सामने सरकारी योजना के तहत नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कोटेदार अविनाश कुमार उर्फ गब्बर, उनके पुत्र रोहित, भतीजे अखिल तथा राजकुमारी, सुशीला समेत अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने नाला निर्माण रुकवाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। महिला के मुताबिक आरोपियों ने बाल पकड़कर उन्हें घर से बाहर खींचा और परिवार की अन्य महिलाओं व लड़कियों के साथ भी मारपीट की।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान महिलाओं के कपड़े तक फाड़ दिए गए, जिससे उनकी मर्यादा भंग हुई। घटना में उनकी जिठानी रेखा देवी के बेहोश होने तथा परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की बात भी कही गई है।
राशन शिकायत की रंजिश का आरोप
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पुत्री राशन लेने गई थी, जहां राशन न मिलने पर पुलिस से शिकायत की गई थी। आरोप है कि उसी शिकायत की रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव में घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उठ रहे अहम सवाल
क्या नाला निर्माण विवाद की आड़ में हमला किया गया?
क्या राशन शिकायत की रंजिश बनी मारपीट की वजह?
महिलाओं के साथ अभद्रता के आरोपों पर क्या होगी कार्रवाई?
क्या पुलिस आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करेगी?
रिपोर्ट : न्यूज़ 24×7, से महेश चौधरी, जालौन



