डीजल संकट पर प्रशासन सख्त: डीएम-एसपी ने कोंच के पेट्रोल पंपों पर मारा छापा, हर 8 घंटे में जांच के निर्देश
कोंच। नगर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने पंप संचालकों को कड़ी चेतावनी दी।
जांच की शुरुआत नदीगांव रोड स्थित शुक्ला पेट्रोल पंप से हुई। इसके बाद कमला नेहरू के सामने स्थित नारायण फिलिंग स्टेशन पर स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद डीजल नहीं दिया जा रहा है। मौके पर करीब 4500 लीटर डीजल उपलब्ध होने के बावजूद वितरण न होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया।
इसके अलावा नासिर पेट्रोल पंप, नेशनल फिलिंग सेंटर और पंचानन चौराहा स्थित एचपी पंप पर भी उपभोक्ताओं को परेशान करने की शिकायतें मिलीं। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में ग्राहकों को बेवजह न रोका जाए। किसानों को प्राथमिकता देने और ड्रम में सीमित मात्रा में ईंधन देने के निर्देश भी जारी किए गए।
देवगांव निवासी किसान मुकेश ने पिछले एक महीने से डीजल न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर डीएम ने तत्काल जांच के आदेश दिए। वहीं एसके लौना रोड स्थित बजरंग बली इंडियन ऑयल पंप पर स्टॉक खत्म होने और मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
सागर चौकी क्षेत्र के नारायण फिलिंग स्टेशन पर करीब 6296 लीटर डीजल होने के बावजूद वितरण न करने की शिकायत पर मैनेजर के खिलाफ जांच बैठा दी गई है।
डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब सभी पेट्रोल पंपों की हर 8 घंटे में जांच की जाएगी और स्टॉक की नियमित निगरानी होगी। कृत्रिम संकट या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी ने अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगरवासियों ने राहत महसूस की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही ईंधन आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।





