जालौन से बड़ी खबर — मंडी परिसर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, बुलडोजर की गूंज से हटा अवैध कब्जा
■ मंडी सचिव रवि कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस दिया गया था
जालौन — जालौन मंडी परिसर में आज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान चलाया। मंडी प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से लंबे समय से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया।
मंडी सचिव रवि कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस दिया गया था, लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब उन्होंने स्वयं कब्जा नहीं हटाया, तब मजबूरन प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि धान की भारी आवक के चलते मंडी में जगह की कमी हो रही थी। अतिक्रमण हटने के बाद अब किसानों को अपने अनाज की खरीद-बिक्री में बड़ी राहत मिलेगी और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी जालौन, मंडी सचिव रवि कुमार, मंडी सुपरवाइज़र अंकित कुमार, राघवेन्द्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, जालौन
(Focus News 24×7)






