जालौन में पांचवें चरण के लिए प्रचार प्रसार थम गया है। पांचवें चरण के प्रचार के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने उरई शहर में जुलूस निकाला। यह जुलूस अग्रवाल धर्मशाला से शहर के अलग अलग इलाकों से निकाला गया। जिसमें भाजपा प्रत्याशी ने अपने समर्थन में मतदाताओं से वोट देने की अपील की।
बता दें कि जालौन में 20 मई को पांचवें चरण के लिए मतदान होना है। जिसके लिए 18 मई को प्रचार के आखिरी दिन समाजवादी पार्टी, भाजपा, बसपा, निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी अपनी ताकत दिखाने के लिए जुलूस निकाला।
जालौन लोकसभा सीट के आए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने अग्रवाल धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की। जिसमें भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी के पदाधिकारी का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि बीते कई दिनों से पार्टी के पदाधिकारी लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी मेहनत को वह कभी नहीं भूलेंगे।
जनता से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की
बैठक के बाद भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय चौधरी, भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी शिखा दुबे सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अग्रवाल धर्मशाला से जुलूस निकाला। साथी जनता से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
एक बार फिर से मोदी सरकार बनाई जा सके
यह जुलूस रामनगर होते हुए माहिल तालाब, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चौराहा, अंबेडकर चौराहे होते हुए भाजपा लोकसभा के केंद्रीय कार्यालय मनिंद्रालय में समाप्त हुआ। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह वर्मा ने सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी का आभार व्यक्त किया। कहा कि 20 मई को सभी लोग मतदान करने पहुंचे। इसके अलावा पोलिंग बूथ पर भी ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मतदान कराने पहुंचे। जिससे एक बार फिर से मोदी सरकार बनाई जा सके।





