सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का संदेश देकर मनाई डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती
जालौन। भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन द्वारा परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपर्क टोली के सदस्य अनुराग अग्रवाल के आवास पर मनाई गई। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डॉ. सूरज प्रकाश के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद के निवर्तमान सचिव एवं शिक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने डॉ. सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का वास्तविक विकास संस्कारित, संवेदनशील और समर्पित नागरिकों से ही संभव है।
संरक्षक सतीश सिंह सेंगर ने भारत विकास परिषद द्वारा देशभर में संचालित सेवा कार्यों की जानकारी दी। वहीं शाखा सचिव अनुरुद्ध विश्नोई (नीटू) ने बताया कि परिषद शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला एवं बाल कल्याण, वंचित वर्ग की सहायता तथा अंत्योदय केंद्र जैसे विभिन्न सेवा प्रकल्पों का निरंतर संचालन कर रही है। साथ ही भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए वाटर कूलर के माध्यम से शीतल जल की व्यवस्था भी की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों एवं मातृशक्ति ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ कर राष्ट्र, समाज एवं परिवार के सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।






