जालौन तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 126 शिकायतों में 36 का मौके पर निस्तारण
■ दिव्यांग छात्र को मिली बैटरी ट्राइसाइकिल, छात्र के निःशुल्क प्रवेश के दिए गए निर्देश
जालौन। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जालौन तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने की।
इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 126 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 36 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेजा गया।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग छात्र को मुख्यालय से बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल मंगाकर उपलब्ध कराई गई, जिससे छात्र और उसके परिजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। वहीं कक्षा 9 में अध्ययनरत एक छात्र के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए छात्र का निःशुल्क प्रवेश एवं शिक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिन पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिपोर्ट: महेश चौधरी
फोकस न्यूज़ 24 into 7, जालौन






