Spread the love

एक गरीब परिवार में चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, सड़क हादसे ने छीन ली खुशियां

■ अन्ना जानवर से टकराई बाइक, मौके पर ही युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

मोठ (झांसी)। मोठ–समथर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत साकिन में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव निवासी मुसेब पुत्र रशीद खान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे उनके चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुसेब खान अपनी छोटी बच्ची के साथ मोटरसाइकिल से मध्यप्रदेश के जिला भिंड में अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। जैसे ही वह सेवढ़ा से आगे जेल रोड के पास पहुंचे, तभी सामने से अचानक एक अन्ना जानवर आ गया। जानवर को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सीधे जानवर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुसेब खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठी बच्ची चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग मुसेब के घर सांत्वना देने पहुंचने लगे।
बताया जा रहा है कि मुसेब खान एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी की सगाई हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
जब बच्चों को पिता की मौत की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। खासकर बड़ी बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी जुबान पर बार-बार बस एक ही सवाल था—“अब हमारे पीले हाथ कौन करेगा?” यह सवाल सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि बच्चों का भविष्य किसी तरह सुरक्षित हो सके। फिलहाल पूरा गांव इस दुखद हादसे से सदमे में है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआएं कर रहा है।
मोठ से संवाददाता: जहूर अहमद खान

Share.