IND vs AUS: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 में दो विकेट से हराया, सूर्यकुमार और ईशान किशन ने लगाया अर्धशतक।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज गुरुवार (23 नवंबर) को से शुरू हुई। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारत के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 208 रन बनाए। टीम इंडिया ने 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन बनाकर मैच को जीत लिया। रिंकू सिंह ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन सीन एबॉट की गेंद नो-बॉल हो गई। ऐसे में रिंकू के खाते में छक्का नहीं जुड़ा।

आखिरी गेंद पर एक रन बनाने थे। रिंकू स्ट्राइक पर थे। अगर वह आउट हो जाते या रन नहीं बना पाते तो मुकाबला सुपर ओवर में जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रिंकू ने सीन एबॉट की गेंद पर छक्का लगाया। दुर्भाग्य से यह रिंकू के खाते में नहीं जुड़ा क्योंकि एबॉट का पैर क्रीज के बाहर था और इसे अंपायर नो-बॉल करार दिया। ऐसे में छक्के की जगह एक रन भारत के खाते में जुड़ा और टीम इंडिया एक गेंद शेष रहते ही मैच जीत गई। रिंकू सिंह 14 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के दोनों ओपनर बल्लेबाज 15 गेंद के अंदर पवेलियन लौट गए। ऋतुराज गायकवाड़ पहले ओवर में खाता खोले बगैर रन आउट हो गए। वह एक गेंद का सामना भी नहीं कर सके। तीसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल पवेलियन लौट गए। यशस्वी ने आठ गेंद पर 21 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद ईशन किशन और सूर्यकुमार ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने 42 गेंद पर 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। ईशान किशन ने 39 गेंद पर 58 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के उड़ाए। तिलक वर्मा ने 12 और अक्षर पटेल ने दो रन बनाए। रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह खाता नहीं खोल पाए।

Share.