कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन बुकिंग शुरू, 5 मार्च तक करें आवेदन
उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने जनपद के समस्त किसानों को अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग द्वारा संचालित ‘सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन’ योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन, अन्य एकल कृषि यंत्र तथा ‘प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (सीआरएम)’ के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान दिया जाएगा।
इन यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग 25 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 5 मार्च 2026 की रात्रि 12:00 बजे (कट-ऑफ तिथि) तक की जाएगी। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in पर ‘किसान कॉर्नर’ में जाकर ‘यंत्र बुकिंग’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि यंत्रों का विवरण, बुकिंग प्रक्रिया एवं अनुदान संबंधी विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। एक आवेदक केवल एक मोबाइल नंबर अथवा परिवार के रक्त संबंधी सदस्य (माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री एवं पुत्रवधू) के मोबाइल नंबर से ही टोकन प्राप्त कर सकेगा।
अनुदान राशि के अनुसार जमानत धनराशि निर्धारित की गई है। ₹10,001 से ₹1,00,000 तक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए ₹2,500 जमानत राशि जमा करनी होगी, जबकि ₹1,00,000 से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए ₹5,000 जमानत राशि निर्धारित की गई है।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि विकास खंडवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपने विकास खंड से संबंधित इच्छित कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग निर्धारित अवधि के भीतर अनिवार्य रूप से कर लें।





