Spread the love

राजस्थान को 690 करोड़ की नई सड़कों की सौगात

■ 133 सड़क परियोजनाओं से गांव-ढाणियों से लेकर शहरों तक कनेक्टिविटी होगी मजबूत

जयपुर। राजस्थान में आधारभूत ढांचे को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में बजट रिप्लाई के दौरान 690 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों के निर्माण की घोषणा की। बजट पेश होने के छह दिन बाद दिए गए इस जवाब में कुल 238 नई घोषणाएं की गईं, जिनमें 133 घोषणाएं केवल सड़क निर्माण से जुड़ी हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
जोधपुर, जयपुर, अलवर सहित कई जिलों को लाभ
घोषित परियोजनाओं में जोधपुर जिले के भोपालगढ़, बिलाड़ा और पीपाड़ क्षेत्र में कई नई सड़कें शामिल हैं। बनाड़ एनएच-112 से लेकर विभिन्न ढाणियों तक सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जयपुर जिले में चाकसू क्षेत्र के चंदलाई से देवकिशनपुरा तक सड़क निर्माण के अलावा झोटवाड़ा और सांगानेर क्षेत्र में 15-15 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क व ड्रेनेज कार्य कराए जाएंगे। सांगानेर में शिकारपुरा रेलवे फाटक पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण की भी घोषणा की गई है।
आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों पर विशेष फोकस
डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जैसे आदिवासी बहुल जिलों में भी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। धरियावद क्षेत्र में उच्च स्तरीय पुल निर्माण और विभिन्न गांवों को जोड़ने वाली डामर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। बागीदौरा (बांसवाड़ा) में 6 किलोमीटर सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सीकर, नागौर और अलवर में भी बड़े कार्य
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ और दांतारामगढ़ क्षेत्रों में कई ग्रामीण सड़कों के निर्माण व सुदृढ़ीकरण की घोषणा की गई है। नागौर जिले के मेड़ता क्षेत्र में एमडीआर-381 सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये का बड़ा प्रावधान किया गया है।
अलवर जिले में राजगढ़, कठूमर और किशनगढ़बास क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण और नवीनीकरण की परियोजनाएं शामिल हैं। जयसमंद बांध क्षेत्र से जुड़ी सड़कों का भी निर्माण कराया जाएगा।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सरकार का दावा है कि इन 133 सड़क परियोजनाओं से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि कृषि उत्पादों की आवाजाही, ग्रामीण व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। सड़क निर्माण कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन भी होगा।
डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य “सभी के लिए सुगम और सुरक्षित आवागमन” सुनिश्चित करना है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के टेंडर जारी कर कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
इन घोषणाओं के बाद प्रदेशभर में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल है और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Share.